सड़क सुरक्षा माह के तहत 75 बस चालकों का किया गया नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus

महराजगंज, 10 जनवरी। जिले में सड़क सुरक्षा माह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर गुरुवार को 75 बस चालकों का नेत्र और स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस शिविर में चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने चालकों को जरूरी परामर्श दिया।

सड़क सुरक्षा माह को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए परिवहन कार्यालय में मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यों के साथ बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने की। उन्होंने यूनियन के सदस्यों से अपने वाहनों के चालकों को यातायात नियमों का पालन करवाने और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

अधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत पहले दिन से ही जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, और प्रवर्तन दलों द्वारा हेलमेट और सीटबेल्ट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, सीटबेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com